भावना ठाकुर,
25 अक्टूबर / सुबाथू।
दिनांक 23-10-2026 को जिला पुलिस द्वारा जिला स्तर पर गठित PO सेल की टीम ने भगोड़े अपराधियों की तलाश के दौरान दो भगोड़े आरोपियों, रहमत अली पुत्र स्वर्गीय नजीर मोहम्मद, निवासी गाँव व डाकघर अर्की, तहसील अर्की, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 41 वर्ष तथा सलीम पुत्र स्वर्गीय जोंकी, निवासी गाँव व डाकघर मंजयाट, तहसील अर्की, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 49 वर्ष, को सूबाथू क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

उल्लेखनीय है कि उक्त आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में पुलिस थाना कंडाघाट में अभियोग संख्या 64/2023, दिनांक 26-08-2023, भारतीय दंड संहिता की धाराओं 457, 380 एवं 34 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं 181, 196 एवं 192 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले में आरोपियों पर महोग चायल क्षेत्र से 25 शटरिंग प्लेटें चोरी करने का आरोप था। मामले के अन्वेषण के दौरान दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया था तथा बाद में वे जमानत पर रिहा हो गए थे। मामले का अन्वेषण पूर्ण होने के उपरांत दोनों आरोपियों के विरुद्ध आरोपपत्र तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। मामले के विचारण के दौरान माननीय न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों को बार-बार न्यायालय में उपस्थित होने के आदेश दिए गए, लेकिन वे न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। परिणामस्वरूप, माननीय न्यायालय द्वारा दिनांक 27-08-2026 को दोनों आरोपियों को भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया गया। उक्त भगोड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिला स्तर पर गठित PO सेल की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपी बार-बार अपने ठिकाने बदल रहे थे। अंततः गुप्त सूचना एवं निरंतर निगरानी के आधार पर उक्त PO सेल की टीम ने दिनांक 23-10-2026 को दोनों आरोपियों को सूबाथू क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के के उपरांत दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल सोलन भेज दिया गया।








