भावना ठाकुर,
25 अक्टूबर / कसौली/सोलन।
थाना कसौली के अंतर्गत पुलिस चौकी गढ़खल को 23 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि गाँव कोट एवं आसपास के क्षेत्रों में एक युवक सेना की वर्दी धारण कर तथा सैन्य पदचिह्न लगाकर स्वयं को सेना का अधिकारी बताता है। सूचना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस चौकी गढ़खल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाँव सुनारडी में दबिश दी और एक किराये के कमरे से उक्त युवक को काबू किया।

पूछताछ और पहचान की तस्दीक के दौरान उक्त व्यक्ति की पहचान अर्पण कटोच पुत्र श्री जगदीश चन्द, निवासी गाँव टिकरी, डाकखाना डुहकी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश, उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक कार्ड बरामद हुआ, जिस पर उसकी सैन्य वर्दी में तस्वीर लगी हुई थी। उक्त कार्ड को पुलिस ने नियमानुसार कब्जे में लिया। कार्ड के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस संबंध में थाना कसौली में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामला सोलन जिले में एफआईआर संख्या 81/2026, दिनांक 23-10-2026, धारा 168 बीएनएस के अंतर्गत दर्ज है।
अभियोग के अन्वेषण के दौरान यह जानकारी सामने आई कि आरोपी सोलन क्षेत्र के शामती के समीप स्थित एक निजी होटल में कार्य करता है तथा गाँव सुनारडी में किराये के कमरे में रहता है। मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर गहनता से अन्वेषण किया जा रहा है। क्षेत्र में सैन्य छावनी एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की मौजूदगी को देखते हुए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद कार्ड कहाँ-कहाँ और किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया गया तथा आरोपी द्वारा स्वयं को सेना का अधिकारी बताने के पीछे क्या उद्देश्य था। इसके अतिरिक्त आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों एवं परिस्थितियों की गहनता से जाँच की जा रही है और मामले में अन्वेषण जारी है।








