भावना ठाकुर,
28 सितंबर / परवाणू (सोलन)।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा अभियान के तहत जिला सोलन पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाते हुए तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

इसी कड़ी में दिनांक 26-09-2026 को पुलिस थाना परवाणू की पुलिस टीम द्वारा गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक पार्किंग, परवाणू में कार्रवाई करते हुए एक नेपाली मूल के व्यक्ति के कब्जे से 1 किलो 897 ग्राम चरस बरामद की गई।
मादक पदार्थ की बरामदगी के संबंध में उक्त व्यक्ति की पहचान सतमान झाकरी पुत्र श्री केश झाकरी, निवासी गाँव थवांग, जिला रोल्पा, अंचल राप्ती, नेपाल, उम्र 64 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को मौके पर नियमानुसार गिरफ्तार किया गया तथा बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।
इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियोग के अन्वेषण के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है, ताकि मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत तथा इसके नेटवर्क के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सके। गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 27-09-2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।








