भूपेंद्र ठाकुर,
05 सितंबर / शिमला।
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर क्षेत्र से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से लगभग 21 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई दिनांक 04 सितंबर, 2026 को डिटेक्शन सेल उपमंडल रामपुर की टीम द्वारा ज्यूरी क्षेत्र में गश्त के दौरान की गई। कटोलू पुल के पास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही पुलिस टीम ने एक युवक की तलाशी ली, जिसके पास से यह प्रतिबंधित पदार्थ बरामद हुआ।

आरोपी की पहचान अंकित ठाकुर (27 वर्ष) पुत्र पवन ठाकुर, निवासी गांव हयोड़, डाकघर अवाहदेवी, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके अन्य संपर्कों और तस्करी नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।








