भावना ठाकुर,
29 अगस्त / कुनिहार (सोलन)।
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे जोश एवं खेल भावना के साथ दौड़, चेस, स्पून रेस, हर्डल रेस, फ्रोग रेस,कोन बैलेंसिंग रेस सहित विभिन्न मनोरंजक एवं रोमांचक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा दिया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अलका भारद्वाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये हमें अनुशासन, धैर्य, मेहनत और टीम भावना का महत्व सिखाते हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। हार से निराश न होकर उससे सीखना और निरंतर आगे बढ़ना ही सच्ची खेल भावना है।”
विद्यालय के निर्देशक समीर गर्ग एवं अदिति गर्ग ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। खेलों के माध्यम से बच्चे स्वस्थ शरीर के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। हम विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हैं कि वे पूरे उत्साह के साथ खेलों में भाग लें और अपने विद्यालय का नाम रोशन करें।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि ‘स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है।’
राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए आनंद, ऊर्जा और प्रेरणा से भरपूर रहा तथा उन्हें खेलों के महत्व को समझने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान किया।








