भावना ठाकुर,
28 अगस्त / सोलन।
धर्मपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक संगीन मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 19 महीने से फरार चल रहे आरोपी दीपक कुमार उर्फ करणी (26) को बैकवर्ड लिंक के आधार पर पंजाब के भटिंडा से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 17 जनवरी 2025 को दर्ज मामले (एफआईआर नंबर 23/2025) में की गई, जब धर्मपुर पुलिस की एसआईयू टीम ने एक युवक से 7.25 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया था।

उस समय गिरफ्तार आरोपी बंटी (25), गांव सैंज, सोलन ने पूछताछ में बताया था कि उसने यह मादक पदार्थ दीपक कुमार से 17,000 रुपये में खरीदा था। इसके बाद से दीपक पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसने निचली अदालत और फिर उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिकाएं दायर कीं, लेकिन दोनों को खारिज कर दिया गया। इसके बाद वह पूरी तरह से फरार हो गया था।
पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर अंततः 18 अगस्त 2026 को उसे भटिंडा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 19 अगस्त को अदालत में पेश किया गया, जहां से 3 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पूछताछ जारी है और उसके अन्य नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी दीपक के खिलाफ इससे पहले भी मादक पदार्थों से जुड़े गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में पंजाब के थाना कनाल चौकी में उसके कब्जे से 130 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इसी वर्ष न्यू शिमला पुलिस ने भी उसे एक मामले में गिरफ्तार किया था, जिसमें उसके पास से 178 ग्राम चिट्टा मिला था। पुलिस उसे एक बड़े सप्लायर के रूप में देख रही है।
फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है, और पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क के तारों को खंगालने में जुटी है।








