Home ट्रेंडिंग प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर ‘सूटकेस वाली...

प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर ‘सूटकेस वाली भ्रष्ट कांग्रेस सरकार’ को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे : पुरुषोत्तम गुलेरिया

8
0

हिमाचल समय न्यूज़,

26 अगस्त / केलांग।

Jeevan Ayurveda Clinic

भारतीय जनता पार्टी जिला लाहौल-स्पीति की संयुक्त प्रकोष्ठ बैठक न्यू सर्किट हाउस, केलांग में जिला अध्यक्ष रिजन हायरप्पा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जवाहर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक में नरेश चौहान, चमन कपूर, गोविंद ठाकुर, प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक शिवचरण चौहान तथा प्रदेश शिक्षक प्रकोष्ठ संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठ पार्टी और समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच एक मजबूत सेतु का काम करते हैं। किसान, कर्मचारी, शिक्षक, व्यापारी, युवा, महिलाएं और समाज के अन्य वर्गों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए भाजपा कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाएगी।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा कि “हिमाचल में आज विकास की नहीं, सूटकेस की चर्चा हो रही है। यह सरकार जनहित की सरकार नहीं बल्कि ‘सूटकेस वाली भ्रष्ट कांग्रेस सरकार’ बनकर रह गई है।” उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक जाएंगे और कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जनमत तैयार करेंगे।

गुलेरिया ने कहा कि लाहौल-स्पीति हिमाचल प्रदेश के सबसे कठिन भौगोलिक एवं जनजातीय क्षेत्रों में से एक है। यहां की परिस्थितियों की तुलना प्रदेश के सामान्य क्षेत्रों से नहीं की जा सकती। कठोर सर्दी, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां, सीमित कार्य अवधि और दूर-दराज की आबादी को देखते हुए सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि इस क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता प्रदान करे।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार जनजातीय क्षेत्रों की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील नहीं है और लाहौल-स्पीति के साथ विकास के मामले में भेदभाव किया जा रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर सरकार को विशेष नीति और प्राथमिकता के साथ काम करना चाहिए था, लेकिन सरकार अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के लिए बजट और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। लाहौल-स्पीति जैसे कठिन क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए मिलने वाला सीमित समय भी महत्वपूर्ण होता है, इसलिए योजनाओं की स्वीकृति और क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी क्षेत्र के विकास को सीधे प्रभावित करती है।

पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि भाजपा अपने सभी प्रकोष्ठों को जिला से मंडल और बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से संवाद बढ़ाएगी। प्रत्येक प्रकोष्ठ अपने संबंधित क्षेत्र की समस्याओं को चिन्हित करेगा, जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगा और संगठन के माध्यम से समाधान के लिए संघर्ष करेगा।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि लाहौल-स्पीति की कठिन भौगोलिक परिस्थितियां यहां के लोगों की आवाज को कमजोर नहीं कर सकतीं। भाजपा जनजातीय समाज के अधिकारों, विकास और सम्मान के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। प्रकोष्ठों की शक्ति और जनता के सहयोग से इस भ्रष्ट एवं जनविरोधी कांग्रेस सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।”

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, विभिन्न प्रकोष्ठों का विस्तार करने तथा समाज के अलग-अलग वर्गों के साथ निरंतर संपर्क एवं संवाद बढ़ाने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here