भूपेंद्र ठाकुर,
20 अगस्त / शिमला।
पुलिस थाना पूर्व शिमला ने एक मारपीट के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि 19 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता महेश कुमार के साथ आरोपी राजवीर पुत्र प्रसादीलाल, निवासी उत्तर प्रदेश द्वारा मारपीट की गई थी, जिसमें शिकायतकर्ता को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसमें चिकित्सक ने चोट को “गंभीर” (Grievous) बताया।

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पूर्व शिमला में 20 जुलाई 2026 को अभियोग संख्या 69/2026, धारा 118(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की और 19 अगस्त 2026 को आरोपी राजवीर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 2 सितंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। पुलिस इस मामले में आगे की जांच जारी रखे हुए है और अन्य पहलुओं की भी छानबीन की जा रही है।








