Home ट्रेंडिंग सोलन-सुबाथू सड़क पर सरकार की वादाखिलाफी उजागर, मंत्री पद छोड़ें धनीराम शांडिल...

सोलन-सुबाथू सड़क पर सरकार की वादाखिलाफी उजागर, मंत्री पद छोड़ें धनीराम शांडिल : भाजपा

10
0

भावना ठाकुर,

20 जुलाई / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने सोलन-सुबाथू सड़क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सोलन की जनता को केवल झूठे आश्वासन मिले हैं, सड़क नहीं।

भाजपा ने कहा कि सोलन-सुबाथू सड़क मार्ग की दुर्दशा से स्थानीय लोग पिछले एक वर्ष से बेहद परेशान हैं, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। प्रदेश सरकार के दो-दो मंत्रियों के दौरे और बड़े-बड़े दावे केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित रहे।

भाजपा ने स्मरण कराया कि 23 फरवरी 2026 को सोलन शहरी मंडल भाजपा ने सपरून में सड़क की बदहाली को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन से तीन दिन पूर्व स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल पूरे लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंचे और घोषणा की थी कि इस सड़क की मरम्मत एवं रख-रखाव के लिए नाबार्ड से 23.89 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं तथा शीघ्र कार्य शुरू होगा। लेकिन पांच महीने बीत जाने के बाद भी सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है।

भाजपा ने कहा कि 4 जुलाई 2026 को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी सोलन-सुबाथू सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे और शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया। लेकिन उनका दौरा भी केवल घोषणाओं तक सीमित रहा। नतीजा आज भी वही ढाक के तीन पात है।

भाजपा ने कहा कि आज समाचार पत्रों के माध्यम से यह जानकारी सामने आई है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सोलन-सुबाथू सड़क के लिए प्रदेश सरकार को भेजा गया लगभग 23 करोड़ रुपये का प्रस्ताव सरकार ने नामंजूर कर दिया है। सरकार ने इस महत्वपूर्ण सड़क के लिए एक रुपये की भी स्वीकृति नहीं दी। इससे स्पष्ट हो गया कि जनता से किए गए सभी दावे और घोषणाएं केवल राजनीतिक दिखावा थीं।

भाजपा ने कहा कि इस निर्णय ने स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह—दोनों के दावों की पोल खोल दी है। जनता को केवल आश्वासन मिले, सड़क नहीं।

भाजपा ने कहा कि सोलन जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था हो या सोलन-सुबाथू सड़क की दुर्दशा—दोनों मोर्चों पर स्वास्थ्य मंत्री पूरी तरह विफल रहे हैं। नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कर्नल धनीराम शांडिल को तत्काल मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए।

भाजपा ने कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने 80 वर्ष की आयु में स्वयं राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा करते हुए कहा कि अब नई पीढ़ी को अवसर मिलना चाहिए। वहीं 85 वर्षीय कर्नल धनीराम शांडिल आज भी कुर्सी और पुत्र मोह से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। यदि राजनीति में नई पीढ़ी को अवसर देने की बात है तो अवसर प्रदेश के युवाओं को मिलना चाहिए, न कि केवल परिवार तक सीमित रहना चाहिए।

भाजपा ने कहा कि हाल ही में हुए जिला परिषद, पंचायत समिति और नगर निगम चुनावों में सोलन की जनता कांग्रेस को करारा जवाब दे चुकी है। यह जनादेश स्पष्ट संकेत देता है कि जनता कांग्रेस सरकार की नाकाम नीतियों, खोखले आश्वासनों और विकास विरोधी रवैये से पूरी तरह निराश हो चुकी है। अब सोलन की जनता घोषणाएं नहीं, धरातल पर परिणाम चाहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here