भूपेंद्र ठाकुर,
21 जून / शिमला।
पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर आज एक सूचना मिली कि बालूगंज क्षेत्र में एक 8 वर्षीय बालक अपने घर के पास खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता न चला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना बालूगंज और पुलिस सहायता कक्ष (PAR), आईएसबीटी शिमला की टीमों ने संयुक्त रूप से त्वरित तलाशी अभियान शुरू किया। थोड़ी ही देर में बालक को नाभा क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। दरअसल, एक स्थानीय नागरिक ने उसे रास्ता भटका हुआ देखा और उसे अपने संरक्षण में रख लिया था। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे बच्चे को सकुशल उसके परिजनों तक पहुँचाया जा सका।

प्रारंभिक पूछताछ में बालक ने बताया कि वह एक परिचित व्यक्ति को ढूंढने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण उसे वापस आना नहीं आया। बाद में वह नाभा क्षेत्र में एक घर के पास बैठा मिला, जहाँ स्थानीय नागरिक ने उसे सुरक्षित रखा और पुलिस की मदद की।
पुलिस ने बालक को चिकित्सकीय जांच के बाद उसके माता-पिता को सौंप दिया। परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस व स्थानीय नागरिक का आभार जताया।
शिमला पुलिस ने उक्त नागरिक की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की है। पुलिस के अनुसार, उनकी त्वरित प्रतिक्रिया के कारण ही बच्चे को समय रहते सुरक्षित बरामद किया जा सका। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों पर विशेष नज़र रखें और उन्हें अजनबियों के साथ जाने या अकेले दूर जाने से रोकें।








