भावना ठाकुर,
01 जून / सोलन।
जिला सोलन के काली माता मंदिर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मामूली वाहन टक्कर ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, गंडासे और अन्य हथियारों से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
31 मई 2026 को पुलिस थाना सदर, सोलन को क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन से सूचना मिली कि काली माता मंदिर क्षेत्र में हुए झगड़े के घायलों को उपचार के लिए लाया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि काली माता मंदिर, शामती-राजगढ़ मार्ग पर दो वाहनों के बीच मामूली टक्कर के बाद विवाद उत्पन्न हुआ। इसके बाद आरोपी पक्ष ने खुण्डीधार क्षेत्र में शिकायतकर्ता पक्ष के लोगों से गाली-गलौज की और उन्हें धमकाया।
शूलिनी माता मंदिर के पास हमला
इसके बाद शूलिनी माता मंदिर के समीप आरोपियों ने शिकायतकर्ता पक्ष के वाहन को रोककर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, गंडासे और अन्य हथियारों से हमला कर लोगों को गंभीर चोटें पहुंचाईं। इस घटना में एक व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसे बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी, शिमला रेफर किया गया। साथ ही वाहन को भी क्षति पहुंचाई गई।
मामला दर्ज और वीडियो वायरल
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सदर, सोलन में अभियोग संख्या 0127/2026 दिनांक 31.05.2026, धारा 115(2), 117(2), 126(2), 109, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस सोलन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी चिराग वर्मा (आयु 25 वर्ष), निवासी महादेव विला, हॉस्पिटल रोड, सोलन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज दिनांक 01 जून 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसका तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है।

आगे की जांच जारी
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
जिला पुलिस सोलन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मामले में आगामी जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






