भूपेंद्र ठाकुर,
15 मई / शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामपुर की पुलिस टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने एक प्राइवेट कंपनी के लोहे के पोल चोरी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शिमला स्थित एरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन प्रा. लि. के स्टेट मैनेजर बाबू सिंह देशवाल ने थाना रामपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि चौका नाला तकलेच से रोहड़ू मार्ग पर कंपनी के करीब 70 एच-पोल (लोहे के पोल), जिन पर अभी तारें नहीं लगी थीं, अज्ञात लोगों ने चुरा लिए हैं। इस शिकायत के आधार पर 12 मई 2026 को थाना रामपुर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें 5 और 6 मई की रात एक बोलेरो कैम्पर वाहन घटनास्थल के आसपास बार-बार घूमता दिखा। स्थानीय लोगों ने इस वाहन की पहचान विक्की (30) पुत्र कौल राम, निवासी गांव जमेडी, डाकघर लूहरी, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में करवाई।
पुलिस ने 13 मई 2026 को विक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दूसरे आरोपी सुरेश कुमार (35) पुत्र रण बहादुर, निवासी गांव जोहड़, डाकघर एवं तहसील करसोग, जिला मंडी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पोल चोरी करना कबूल कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की पूछताछ और अन्य तथ्यों की जांच जारी है।









