भावना ठाकुर,
14 मई/सोलन।
जिला पुलिस की एसआईयू (विशेष जांच इकाई) टीम ने दिनांक 10 मई 2026 को टोल प्लाज़ा सनवारा के पास विशेष नाकाबंदी एवं यातायात चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो युवकों के कब्जे से 5.98 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
पुलिस टीम ने परवाणू की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोककर जांच की तो उस पर सवार दो युवकों के पास से यह प्रतिबंधित मादक पदार्थ मिला। आरोपियों की पहचान विनय शर्मा (33 वर्ष) पुत्र रमेश शर्मा, निवासी कोटला नाला, जिला सोलन और साहिल0 चौहान (33 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मुनि लाल, निवासी गाँव भोलारड़ा, जुब्बल, जिला शिमला (हाल निवासी टैंक रोड, सोलन) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है।
दिनांक 11 मई 2026 को दोनों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने 4 दिन का रिमांड प्राप्त किया है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी विनय शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में मादक पदार्थ अधिनियम का एक मामला पहले से ही दर्ज है। वहीं दूसरे आरोपी साहिल चौहान के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









