
हिमाचल समय, सोलन, 24 नवंबर।
सोमवार को सोलन में कबड्डी लीग के बहुप्रतीक्षित दूसरे सीज़न का शानदार ढंग से उद्घाटन हुआ। इस सीज़न में शूलिनी क्वींस और बड़ोग हिल्स की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।
सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला: आपदा प्रभावितों की मदद बढ़ी, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग में नई नौकरियां
कबड्डी के इस रोमांचक महाकुंभ का आयोजन युवा मोर्चा सोलन ग्रामीण अध्यक्ष मंगलेश राजपूत, कबड्डी लीग संयोजक अरुण कुमार और युवा मोर्चा पूर्व उपाध्यक्ष दिव्यांशु हंस द्वारा किया गया।
समारोह में भाजपा समस्त प्रकोष्ठ संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि भाजपा सोलन ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण मण्डल महामंत्री विजय ठाकुर, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित भारद्वाज और भाजपा प्रदेश आईटी विभाग कार्यकारिणी सदस्य अरुष गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया।
मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम गुलेरिया ने खिलाड़ियों और आयोजकों को संबोधित करते हुए कहा कि: “कबड्डी केवल एक खेल नहीं, अपितु हमारी भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है। यह खेल हमें एकजुटता, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानने का जज़्बा सिखाता है।
मुझे यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता है कि युवा मोर्चा के हमारे कर्मठ साथी मंगलेश राजपूत, अरुण कुमार और दिव्यांशु हंस ने इस लीग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को एक उत्कृष्ट मंच प्रदान किया है। खेल शारीरिक और
मानसिक विकास के लिए अति आवश्यक है और मैं सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ देता हूँ। सरकार भी खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। मुझे आशा है कि यह सीज़न कबड्डी के प्रति युवाओं में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा।”
शूलिनी विश्वविद्यालय में तानसेन की खोज 2025 में आदित्य विजेता बने
विशिष्ट अतिथि चंद्रकांत शर्मा ने भी आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण स्तर पर खेल संस्कृति को मज़बूत करते हैं।
कबड्डी लीग सीज़न 2 का उद्घाटन मुकाबला दोनों टीमों के बीच बेहद रोमांचक रहा, जिसने दर्शकों को अंत तक अपनी सीटों से बांधे रखा। आयोजकों ने बताया कि इस पूरे टूर्नामेंट में ग्रामीण क्षेत्र के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।







