भूपेंद्र ठाकुर,
26 नवंबर / शिमला।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में रोकथाम, उपचार, पुनर्वास और सामुदायिक भागीदारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज यहां ‘ड्रग डिमांड रिडक्शन, प्रिवेंशन एंड कम्युनिटी एक्शन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में प्रदेश में नशीले पदार्थों के सेवन की स्थिति, इसके सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों तथा नशे पर नियंत्रण के लिए प्रभावी उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न तकनीकी सत्रों में नशे की शुरुआत के कारणों, जोखिमों की समय रहते पहचान, उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा नशा निवारण में परिवार, शिक्षण संस्थानों और समुदाय की भूमिका पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।

कार्यशाला का शुभारम्भ निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सुमित खिमटा किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के प्रयास केवल जागरूकता अभियानों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इसके लिए बच्चों और युवाओं में जीवन कौशल विकसित करने, परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में प्रभावी निवारक गतिविधियां संचालित करने की आवश्यकता है। उन्होंने समुदाय आधारित सहयोग तंत्र को मजबूत बनाने पर भी बल दिया।
कार्यशाला की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सुरेश शर्मा ने की।
प्रथम तकनीकी सत्र में निदेशक, गुंजन ऑर्गेनाइजेशन विजय कुमार ने प्रदेश में नशे की वर्तमान स्थिति तथा नशे पर नियंत्रण के लिए व्यापक दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए रोकथाम, उपचार और पुनर्वास को एक समन्वित प्रक्रिया के रूप में अपनाना आवश्यक है।
दूसरे सत्र में सहायक प्रोफेसर, मनोचिकित्सा विभाग आईजीएमसी शिमला डॉ. रवि शर्मा ने नशीले पदार्थों के सेवन से उत्पन्न होने वाली निर्भरता, इसके शुरुआती लक्षणों की पहचान तथा समय पर उपचार और उचित चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच के महत्व की जानकारी दी।
तीसरे सत्र में सहायक प्रोफेसर, सामुदायिक चिकित्सा विभाग, आईजीएमसी शिमला डॉ. गोपाल आशीष शर्मा ने साक्ष्य-आधारित नशा निवारण उपायों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने जोखिम एवं सुरक्षात्मक कारकों की पहचान, बच्चों और युवाओं में जीवन कौशल विकास तथा नशे की रोकथाम में परिवारों और शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
चौथे सत्र में महासचिव, भारत ज्ञान विज्ञान समिति डॉ. ओ.पी. भुरेटा ने नशा निवारण के लिए सामुदायिक भागीदारी और विभिन्न संस्थानों के बीच समन्वय को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदायों, सामाजिक संस्थाओं और सरकारी विभागों की सक्रिय सहभागिता से नशे की रोकथाम तथा प्रभावित व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
पांचवें सत्र में सचिव, हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति सत्यवान पुंडीर के मार्गदर्शन में हितधारकों ने कार्ययोजना एवं फीडबैक पर चर्चा की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में प्राथमिकता वाले मुद्दों, संभावित निवारक गतिविधियों तथा संबंधित विभागों और संस्थाओं के बीच समन्वय के अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला के समापन सत्र में संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सुरेश शर्मा ने विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं के प्रमुख निष्कर्षों और आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे पर नियंत्रण के प्रयासों को प्रभावी बनाने के लिए सरकारी विभागों, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों, सामाजिक संगठनों और समुदायों के बीच निरंतर समन्वय एवं सामूहिक जिम्मेदारी आवश्यक है।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि नशे की समस्या का समाधान केवल कानूनी कार्रवाई अथवा जागरूकता अभियानों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए बहुआयामी एवं समन्वित दृष्टिकोण अपनाना होगा। बच्चों और युवाओं में जीवन कौशल का विकास, परिवारों की सक्रिय भागीदारी, शिक्षण संस्थानों में निवारक गतिविधियां, समय पर उपचार, पुनर्वास तथा उपचार के बाद प्रभावित व्यक्तियों का सामाजिक पुनः एकीकरण भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में रोकथाम केंद्रित एवं समुदाय आधारित नशे को नियंत्रित करने की व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा विभिन्न विभागों, संस्थाओं और हितधारकों के बीच साझा समझ विकसित कर सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
.0.








