Home ट्रेंडिंग एसजेवीएन ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह- 2026 का शुभारंभ किया

एसजेवीएन ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह- 2026 का शुभारंभ किया

5
0

भूपेंद्र ठाकुर,

26 अक्टूबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के मार्गदर्शन में, एसजेवीएन द्वारा केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशों के अनुरूप 26 अक्तूबर से 1 नवंबर, 2026 तक अपनी सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है, जो विकास एवं राष्ट्रीय समृद्धि को बढ़ावा देने में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता तथा नैतिक आचरण की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।

अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक), एसजेवीएन ने श्री राजेश कुमार चंदेल, निदेशक (परियोजनाएं) तथा पंकज पोरवाल, मुख्य सतर्कता अधिकारी की उपस्थिति में कारपोरेट मुख्यालय, शिमला में कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। एसजेवीएन की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी कर्मचारियों को एक साथ सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर अपने संबोधन में, अजय कुमार शर्मा ने इस बात पर बल दिया कि सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता एक सशक्त संगठन के निर्माण के मूलभूत आधार हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपने व्यावसायिक दायित्वों के निर्वहन में नैतिक आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखने तथा ईमानदारी एवं जवाबदेही पर आधारित कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने में योगदान देने का आह्वान किया।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत, अशोक तिवारी, आईपीएस, पुलिस महानिदेशक, हिमाचल प्रदेश की अध्यक्षता में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर निवारक सतर्कता जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। सत्र के दौरान उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सतर्कता के महत्व, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देने में सतर्कता तंत्र की भूमिका तथा भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए अपनाए जाने वाले विभिन्न निवारक उपायों पर प्रकाश डालते हुए अपने बहुमूल्य अनुभव एवं विचार साझा किए। इस अवसर पर वीरेंद्र कालिया, भा.पु.से., पुलिस अधीक्षक (एसआईयू सह, वीएचक्यू), एसवी एवं एसीबी, हि.प्र., शिमला, नरेश कुमार शर्मा, भा.पु.से., पुलिस अधीक्षक, एसआर, शिमला तथा नरवीर सिंह राठौर, हि.पु.से., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसआईयू, एसवी एंड एसीबी, शिमला भी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, एसजेवीएन द्वारा अपनी विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में आंतरिक तथा जनसंपर्क संबंधी गतिविधियों की एक श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इनमें जागरूकता एवं क्षमता निर्माण सत्र, वेंडर मीट, नुक्कड़ नाटक, वॉकाथॉन, प्रश्नोत्तरी तथा भाषण, वाद-विवाद, भाषण कला, चित्रकला, पोस्टर निर्माण, नारा लेखन एवं रंगोली निर्माण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सत्यनिष्ठा एवं नैतिक आचरण के संदेश का व्यापक प्रसार करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here