Home ट्रेंडिंग राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा रेड रन आयोजित

राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा रेड रन आयोजित

4
0

– एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता व संवेदनशीलता का संदेश

भूपेंद्र ठाकुर,

22 अक्टूबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा एचआईवी तथा एड्स के प्रति जागरूकता लाने, इससे जुड़ी व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने, एचआईवी से ग्रसित लोगों के प्रति संवेदनशीलता का भाव विकसित करने तथा युवाओं को स्वस्थ्य जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आज शिमला स्थित पीटरहॉफ में राज्य स्तरीय मैराथन-रेड रन के चौथे संस्करण का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्यातिथि निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी ने महिला एवं पुरुष वर्गों के लिए आयोजित रेड रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रेड रन का आयोजन ‘यूथ फॉर एचआईवी एण्ड एसटीआई’ की थीम पर किया गया। इसके माध्यम से जन-जन तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया कि जागरूकता, सही जानकारी और सामूहिक भागीदारी से एचआईवी तथा एड्स से जुड़ी चुनौतियों का प्रभावी रूप से सामना किया जा सकता है।
रेड रन राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की एक पहल है जो महाविद्यालयों में चल रहे रेड रिबन क्लबों के माध्यम से आयोजित की जाती है। रेड रिबन विश्व में एचआईवी तथा एड्स के प्रति जागरूकता और एचआईवी पॉजिटिव लोगों के प्रति एकजुटता का प्रतीक है। रेड रन इसी मिशन का सबसे ऊर्जावान रूप है। संक्रमित सुई या सिरिंज साझा करने से एचआईवी और हेपेटाइटिस-बी एवं सी जैसे संक्रमणों का ख़तरा बढ़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को नशे और इंजेक्शन के माध्यम से नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रखने के साथ-साथ उनमें जागरूकता बढ़ाने के व्यापक प्रयास लगातार जारी है।
संक्रमण के मामलों को देखते हुए राज्यभर में स्क्रीनिंग और जांच की जा रही है ताकि संक्रमण की शीघ्र पहचान कर उचित उपचार शुरू किया जा सके। प्रदेश सरकार द्वारा इंजेक्शन के माध्यम से नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले व्यक्तियों को आवश्यक परामर्श प्रदान करने के साथ ही ओएसटी सेवाएं प्रदान करने को प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। हिमाचल प्रदेश के 9 जिलों- ऊना, शिमला, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा, सिरमौर, बिलासपुर, कुल्लू और मंडी- में कुल 20 ओएसटी केन्द्रों के माध्यम से ओएसटी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
राज्य स्तरीय मैराथन-रेड रन में शिमला, बिलासपुर, मंडी, सोलन, कांगड़ा, ऊना और हमीरपुर जिलों से कुल 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें प्रत्येक जिला से 5 लड़के और 5 लड़कियां शामिल हुईं। रेड रन पीटरहॉफ से सीटीओ तक आयोजित किया गया। पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार जिला शिमला के जतिन, द्वितीय पुरस्कार जिला शिमला के ध्रुव तथा तृतीय पुरस्कार हमीरपुर के आर्यन ने प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार जिला हमीरपुर की शिवाली, द्वितीय पुरस्कार जिला ऊना की कुमारी रविना तथा तृतीय पुरस्कार जिला हमीरपुर की राशि ने प्राप्त किया।
इस मैराथन में चयनित 4 प्रतिभागी, 2 लड़के व 2 लड़कियां, 3 नवम्बर, 2026 को बिहार के पटना में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मैराथन-रेड रन में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर राज्य एड्स नियंत्रण समिति के राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने अपनी भागीदारी के माध्यम से नशे के विरुद्ध और एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता के संदेश, समानता एवं संवेदनशीलता के संदेश तथा दिशाबद्ध युवाशक्ति एवं स्वस्थ्य जीवनशैली के संदेश को आगे बढ़ाया है।
इस अवसर पर जय शवरी लोक कलामंच ठियोग से संबंधित कलाकारों ने नशे और एचआईवी पर जागरूकता पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन किया।
कार्यक्रम में राज्य एड्स नियंत्रण समिति के वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी तथा जिलों से आए प्रतिभागी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here