Home ट्रेंडिंग हिमाचल में मानसून की विदाई से पहले झमाझम बारिश, ऊंची चोटियों पर...

हिमाचल में मानसून की विदाई से पहले झमाझम बारिश, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

5
0

भूपेंद्र ठाकुर,

28 सितंबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

मानसून की विदाई से पहले हिमाचल प्रदेश में बारिश ने जोर पकड़ लिया है। ऊपरी शिमला सहित राज्य के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शिमला में शनिवार के बाद सोमवार को भी भारी बारिश दर्ज की गई। किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के कारण ठंड ने दस्तक दे दी है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में कांगड़ा में 73.4, धर्मशाला में 61.1, सांगला (किन्नौर) में 45.6, सराहन (शिमला) में 38.5, पांवटा साहिब में 30.6, कल्पा में 30.4, जोगिंद्रनगर में 26.0, भाबानगर में 26.0, मंडी में 21.6 और रामपुर में 20.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले छह घंटों (शाम 5:30 से रात 11:30 बजे तक) शिमला और सोलन जिले के साथ-साथ सिरमौर, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और किन्नौर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो जगहों पर तेज बारिश की बहुत संभावना है। 29 सितंबर को राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। चोटियों पर बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं। इसके बाद 30 सितंबर से 4 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है।

हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष मानसून सीजन में सामान्य से 12 प्रतिशत और सितंबर में 19 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। 20 जून से 28 सितंबर तक प्रदेश में 644 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इस अवधि में 732 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में मानसून सीजन के दौरान सामान्य से अधिक बारिश हुई है। चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, मंडी, सोलन और ऊना में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई। सितंबर के दौरान 118 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना जाता है, लेकिन इस बार सितंबर में प्रदेश में 95 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here