हिमाचल समय न्यूज़,
5 सितंबर / मंडी
संसदीय क्षेत्र सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज सांसद कंगना रनौत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संसदीय क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।

सांसद कंगना रनौत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लोगों में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता लाई जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें जनभागीदारी के साथ प्रभावी एवं निरंतर बनाया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऑनलाइन माध्यमों, सोशल मीडिया और रील्स का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।








