Home ट्रेंडिंग बागनधार खदान में भूस्खलन, 1 शव बरामद, 2 अभी भी लापता

बागनधार खदान में भूस्खलन, 1 शव बरामद, 2 अभी भी लापता

40
0

– दूसरे दिन भी जारी रहा रेस्क्यू, डीसी समेत आला अधिकारी मौके पर*

अनूप ठाकुर,

19 अगस्त / पांवटा साहिब (सिरमौर)।

Jeevan Ayurveda Clinic


जिला सिरमौर की कमरऊ तहसील के बागनधार स्थित भीमगोदा चूना पत्थर खदान में मंगलवार को हुए भारी भूस्खलन के दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। बुधवार को एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे से एक व्यक्ति का शव निकाला गया। मलबे में दबे दो अन्य मजदूरों की तलाश अब भी जारी है।

मंगलवार को हुए इस हादसे में दो डंपर और एक एलएनटी मशीन मलबे में दब गए थे। हादसे के समय डंपरों में एक चालक और दो मजदूर सवार थे। पहाड़ से आए भारी मलबे और चट्टानों की चपेट में आने से तीनों दब गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। लेकिन लगातार हो रही बारिश, घने कोहरे और गिरते मलबे के कारण पहले दिन रेस्क्यू में दिक्कतें आईं।

बुधवार को रेस्क्यू अभियान तेज किया गया। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, एसडीएम शिलाई सतपाल और डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर खुद मौके पर मौजूद रहे। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने एक डंपर समेत चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान अनिल कुमार, निवासी गांव बड़वास, तहसील कमरो के रूप में हुई है।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि “एक चालक का शव बरामद कर लिया गया है। मलबे में दबे नेपाली मूल के दो अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है। जब तक लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, रेस्क्यू टीम मौके पर तैनात रहेगी।”

वहीं जिला खनन अधिकारी सरित चंद्र ने कहा कि “बरसात के मौसम में भी चूना पत्थर खदानों में काम बंद नहीं होता। हादसे के कारणों की जांच केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की जाएगी।”

प्रशासन ने खदान के आसपास के क्षेत्र में लोगों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here