Home डेली न्यूज़ सोलन में भाजपा की आक्रोश रैली; कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

सोलन में भाजपा की आक्रोश रैली; कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

8
0

भावना ठाकुर,

16 अप्रैल/सोलन।
सोलन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित आक्रोश रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप ने किया। यह कार्यक्रम प्रदेशभर में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे जनआक्रोश अभियान का हिस्सा है।
डॉ. राजेश कश्यप का संबोधन……
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. कश्यप ने कहा कि वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक कदम भी आगे बढ़ने के बजाय प्रदेश को पीछे की ओर ले जा रही है, जिसका स्पष्ट उदाहरण विधानसभा में पारित लगभग ₹4000 करोड़ का घाटे का बजट है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है, जिसका प्रमाण यह है कि वर्तमान मुख्य सचिव के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज है और उच्च अधिकारियों के बीच आपसी टकराव की स्थिति बनी हुई है, जिसे मुख्यमंत्री केवल “अधिकारियों का आपसी विवाद” बताकर टाल रहे हैं।
सोलन की छवि और प्रशासनिक मुद्दे…..
डॉ. कश्यप ने कहा कि चेस्टर हिल प्रकरण में धारा 118 के तहत कानून के विपरीत अनुमति देकर सोलन की छवि को धूमिल किया गया है। उन्होंने उन दो महिला अधिकारियों को “हिमाचल रत्न” से सम्मानित करने की मांग की, जिन्होंने भारी दबाव के बावजूद साहस और ईमानदारी का परिचय दिया।
कानून-व्यवस्था और जन मुद्दे……
उन्होंने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दिनदहाड़े एक निर्दोष युवती की हत्या जैसे जघन्य अपराध हो रहे हैं, जबकि विमल नेगी प्रकरण अभी तक सुलझ नहीं पाया है।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में भी हिमाचल के खिलाफ रोष देखा जा रहा है, क्योंकि एंट्री टैक्स में भारी वृद्धि की गई है, जिससे आम जनता और व्यापारियों पर बोझ बढ़ा है।
सोलन विधानसभा की उपेक्षा……
डॉ. कश्यप ने आरोप लगाया कि सोलन विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन वर्षों में कोई नई योजना नहीं लाई गई है। केवल पूर्व भाजपा सरकार (जयराम ठाकुर सरकार) के प्रोजेक्ट ही अधूरे सपनों की तरह दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा:
क्षेत्रीय अस्पताल की स्थिति बदहाल है, जहां मरीजों को महंगे दामों पर बाहर से दवाइयां और टेस्ट कराने को मजबूर किया जा रहा है।
ममलिग का डिग्री कॉलेज बंद कर दिया गया।
चायल का विद्युत SDO कार्यालय बंद कर दिया गया।
₹70 करोड़ की पेयजल योजना अभी तक अधूरी पड़ी है और उसके लिए पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं है।
कुन कड़ोग और समती के पशु औषधालय भी बंद कर दिए गए हैं।
सरकार पर तीखा हमला……
उन्होंने कहा कि यह सरकार “ताले लगाने वाली सरकार” बनकर रह गई है, जो केवल संस्थानों को बंद करने का काम कर रही है।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति…..
इस अवसर पर कई वरिष्ठ एवं स्थानीय भाजपा नेता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख हैं:
पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप, रश्मि धर सूद, उपाध्यक्ष, भाजपा हिमाचल प्रदेश मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर, शैलेंद्र गुप्ता, चंद्रकांत शर्मा, कुशल जेठी, देवेंद्र कूनपुरी, कुमारी शीला, मीरा आनंद, सुषमा शर्मा, भरत साहनी।
अंत में डॉ. कश्यप ने कहा कि जनता अब इस सरकार से त्रस्त हो चुकी है और आने वाले समय में इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here