भूपेंद्र ठाकुर,
28 नवंबर / शिमला।
शिमला। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिला स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया है और राज्यभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है। विभाग के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर अब तक जिला सोलन में 7504.074 बल्क लीटर, मंडी में 1823.600 बल्क लीटर, कुल्लू में 6773.890 बल्क लीटर तथा बिलासपुर में 3179.240 बल्क लीटर अवैध शराब पकड़ी गई है।

प्रवक्ता ने बताया कि अक्तूबर में दक्षिण क्षेत्र शिमला में 2775.922 बल्क लीटर अवैध शराब व 2950 लीटर लाहन, मध्य क्षेत्र मंडी में 1167.750 बल्क लीटर अवैध शराब और उत्तरी क्षेत्र पालमपुर में 635 बल्क लीटर शराब व 640 लीटर लाहन बरामद की गई है। वर्तमान वित्त वर्ष में कुल 546 केस दर्ज किए गए, जिनमें विभिन्न जिलों से 29542.153 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई तथा साथ ही 13797.550 लीटर लाहन बरामद करके नष्ट की गई।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शराब के अवैध कारोबार से राजस्व को हानि पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी कोई भी सूचना विभाग द्वारा संचालित दूरभाष नम्बर 0177-2620426 तथा व्हाट्सएप नम्बर 94183-31426 व controlroom@gmail.com व जोनल समाहर्ता 0177-2620426 (दक्षिण क्षेत्र), 01894-230186 (उत्तरी क्षेत्र) व 01905-223499 (मध्य क्षेत्र) पर साझा करें, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।








