भावना ठाकुर,
16 नवंबर / परवाणू (सोलन)।
पुलिस थाना परवाणू, जिला सोलन में दर्ज अभियोग संख्या 148/2026 दिनांक 11-11-2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी हुए वाहन को बरामद कर लिया है और मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले के अनुसार सिरमौर निवासी श्री शर्मा चंद ने दिनांक 11-11-2026 को पुलिस थाना परवाणू में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्होंने दिनांक 09-11-2026 को अपनी गाड़ी दत्यार स्थित पेट्रोल पंप के समीप पार्क की थी। दिनांक 10-11-2026 को गाड़ी का टायर पंचर होने के कारण उन्होंने उसे बदलने के लिए खोला था, जिस दौरान गाड़ी की चाबी गाड़ी में ही लगी रह गई थी। दिनांक 11-11-2026 को जब वह अपनी पत्नी के साथ पीजीआई जाने के लिए उक्त स्थान पर पहुंचे, तो उनकी गाड़ी वहां से गायब थी।

उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में गाड़ी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शिकायतकर्ता को शक है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी गाड़ी चोरी करके ले गया है। चोरी हुए वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना परवाणू में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर मामले का अन्वेषण शुरू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना परवाणू की टीम ने चोरी हुए वाहन की तलाश के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास तथा संभावित मार्गों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला गया। पुलिस की गहन जांच एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में संलिप्त आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई।
पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी साहिल पुत्र श्री शिवाकर, निवासी गांव पुरला, सेक्टर-02, परवाणू, तहसील कसौली, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 21 वर्ष को सेक्टर-06, परवाणू से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुए वाहन को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल के दौरान सामने आया है कि उसके विरुद्ध विभिन्न पुलिस थानों में कुल 03 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 01 मामला अपहरण का पुलिस थाना परवाणू में तथा चोरी के 02 मामले, जिनमें 01 पुलिस थाना कसौली और 01 पुलिस थाना धर्मपुर में पंजीकृत है। गिरफ्तार आरोपी को दिनांक 12-11-2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है तथा पुलिस द्वारा चोरी की वारदात से संबंधित अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।








