–18 सितंबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस: अपूर्व देवगन
हिमाचल समय न्यूज़,
15 सितंबर / मंडी।
मंडी जिला में 18 सितंबर, 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले में एक वर्ष से 19 वर्ष तक की आयु के 2,18,561 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, 1 से 5 वर्ष की आयु के 56,505 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना उनके बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आह्वान किया कि वे 18 सितंबर को अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल की दवा जिले के सभी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचा दी गई है। अभियान के तहत पात्र बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में स्वास्थ्य कर्मियों एवं अध्यापकों की निगरानी में दवा खिलाई जाएगी।








